Power Strike :उत्तर प्रदेश में 72 घंटे की हड़ताल 65 घंटे बाद ऊर्जा मंत्री के आश्वासन पर खत्म - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    Power Strike :उत्तर प्रदेश में 72 घंटे की हड़ताल 65 घंटे बाद ऊर्जा मंत्री के आश्वासन पर खत्म


     लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 72 घंटे की हड़ताल अब समाप्त हो गई है।ऊर्जा मंत्री एके शर्मा एवं चेयरमैन एम देवराज से वार्ता होने के बाद रविवार दोपहर संघर्ष समिति हड़ताल खत्म करने की घोषणा कर दी है। संघर्ष समिति और कारपोरेशन सोमवार को हाई कोर्ट में अपना पक्ष रखेगा। हड़ताल खत्म होने की घोषणा के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने कहा कि सरकार की ओर से कर्मचारियों की सभी मांगों पर सकारात्मक तरीके से विचार किया जा रहा है।


    रविवार को दोपहर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और बिजली कर्मचारियों नेताओं के बीच दूसरे राउंड की बैठक में बात बनी, उसके बाद बिजली कर्मचारी संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने प्रेस कान्फ्रेंस कर हड़ताल खत्म होने का ऐलान किया। इस दौरान ऊर्जा मंत्री एके शर्मा भी मौजूद रहे।

     शैलेंद्र दुबे ने कहा कि सरकार जिन 3000 बिजली कर्मचारियों को नौकरी से बाहर किया है उनको वापस लिया जाएगा ।इसके अलावा अन्य लोगों पर एस्मा के तहत कार्रवाई की गई है, जिन लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है उसे सरकार वापस लेगी। यह हड़ताल ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के आश्वासन और हाईकोर्ट के सम्मान में वापस हुई है।


    ऊर्जा मंत्री श्री ए0के0 शर्मा जी ने संघर्ष समिति को भी आश्वासन दिया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियो के खिलाफ की गई संपूर्ण कार्रवाई को वापस लिया जाएगा। और इसके लिए उन्होंने यूपीपीसीएल के चेयरमैन को  निर्देशित भी किया कि अब तक कर्मचारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई में चाहे एफआईआर हो, निलंबन हो या अन्य किसी प्रकार की कार्रवाई की गई हो, इसे शीघ्र ही वापस लिया जाएगा।संघर्ष के अन्य मुद्दों पर विचार करने के लिए आने वाले समय में वार्ता के माध्यम से हल किया जायेगा।


    सरकार पहले भी वार्ता के लिए तैयार थी और आज की वार्ता सकारात्मक रही है। सभी कर्मचारियों से अपील है कि तत्काल काम पर लौट जाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों पर हुई कार्यवाही को विधिक तरीके से वापस लिया जाएगा। संघर्ष समिति के संयोजक शैलेंद्र दुबे ने कहा कि हम किसी भी कीमत पर उपभोक्ताओं को नुकसान नहीं देना चाहते हैं। कर्मचारी हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे अभी समझौते को लागू करने का आश्वासन दिया गया है। इस वजह से हड़ताल वापस ले रहे हैं।