बलिया दुर्जनपुर गोली कांड :अंतिम नामजद 50 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बलिया: रेवती पुलिस टीम ने बुधवार को मुखबीर की सूचना पर दुर्जनपुर गोलीकांड के अंतिम नामजद 50 हजार के इनामी आरोपी किशोर को गिरफ्त में लेकर जुबेनाइल कोर्ट पेश कर दिया। रेवती प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार को मुखबीर ने सूचना दिया कि दुर्जनपुर गोलीकांड का आरोपी किशोर कोलनाला तिराहे के पास कहीं भागने की फिराक में किसी वाहन के इंतजार में खड़ा है।सूचना मिलते ही वे सादे वेश में मय हमराह कोलनाला तिराहे पर पहुंचे।जहां पुलिस टीम को देख एक किशोर भागने लगा।जिसे पुलिस टीम ने दौड़ाकर पकड़ लिया।ज्ञातव्य हो कि बीते 15 अक्टूबर को रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर गांव में कोटे की दुकान आवंटन बैठक के दौरान हुई मारपीट तथा गोलीकांड में एक पक्ष के जयप्रकाश उर्फ गामा पाल की मृत्यु हो गई थी।वहीं धीरेंद्र प्रताप सिंह पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये थे।इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई चन्द्रमा पाल की तहरीर पर आठ नामजद तथा 20-25 अज्ञात के विरूद्ध मुकदमा पंजीकृत किया था। जिसमें मुख्य आरोपी धीरेन्द्र को एसटीएफ द्वारा तथा अन्य ग्यारह लोगों को विभिन्न जगहों से गिरफ्तार कर पुलिस द्वारा चालान न्यायालय किया जा चुका है।अभी बीते मंगलवार को पुलिस तथा स्वाट टीम द्वारा दो नामजद आरोपी प्रयाग सिंह तथा प्रभात प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय किया था।इसी मामले धीरेन्द्र पक्ष की तरफ से घायलों का मामला पुलिस द्वारा पंजीकृत नहीं किये जाने पर आशा प्रताप सिंह की अर्जी पर बीते 23 अक्टूवर को न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने प्रधान सहित 21 नामजद तथा 25-30 अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया था।इस तरह मामले में एक पक्ष के तेरह आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चालान न्यायालय कर चुकी है।